Palamu: बढ़ते चीनी के दामों के बीच मंगलवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में कृषि बाजार प्रांगण, बैरिया डालटनगंज स्थित चीनी के थोक व्यवसायियों के गोदामों का निरीक्षण किया गया. इस दौरान मेसर्स गौरव ट्रेडिंग, मेसर्स हार्दिक इंटरप्राइजेज, मेसर्स सुनील गोस्वामी, मेसर्स एस.बी. सेल और डालटनगंज ट्रेडर्स के गोदामों की जांच की गई.

प्रतिदिन खरीद-बिक्री का पंजी रखने का निर्देश
जांच के दौरान व्यवसायियों को प्रतिदिन चीनी की प्राप्ति और बिक्री का पंजी संधारित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही एकरारनामा के अनुसार चिन्हित गोदाम में ही चीनी का भंडारण करने और वर्तमान में चीनी की किल्लत को देखते हुए अधिक मूल्य पर बिक्री नहीं करने को कहा गया.
सात दिनों से अधिक स्टॉक रखने पर रोक
प्रशासन ने व्यवसायियों को स्टॉक से संबंधित बोर्ड को प्रतिदिन अद्यतन रखने का निर्देश दिया. साथ ही किसी भी परिस्थिति में सात दिनों से अधिक अवधि का चीनी का भंडारण नहीं करने को कहा गया.
कीमतों पर प्रशासन की लगातार नजर
जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने कहा कि चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर प्रशासन की लगातार नजर है. निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यवसायियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ: सिविल जज नियुक्ति रद्द करने का मामला पहुंचा हाईकोर्ट

