Ranchi: राजधानी रांची में कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की जनरल ड्यूटी ऑनलाइन परीक्षा में धांधली का एक बड़ा मामला सामने आया है. रांची पुलिस ने पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ स्थित फ्यूचरिस्टिक ऑनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें ऋषिकेश कुमार यादव (मधुबनी), आर्यन कुमार (कोडरमा), राहुल कुमार (हजारीबाग), रवि रंजन कुजूर (गुमला), राजकुमार (पटना) और अनु कुमारी (अरवल) शामिल हैं.
तकनीकी उपकरण भी बरामद
पुलिस ने मौके से 6 कंप्यूटर, 1 सीपीयू, 2 सीसीटीवी डीवीआर, 2 फायरवॉल, 2 सी-डैक बॉक्स, एयरटेल और जियो के राउटर, 5 मोबाइल, 1 टैब और 6 एडमिट कार्ड बरामद किए हैं. यह जानकारी सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में दी. इस दौरान कोतवाली एएसपी और सुखदेव नगर थाना प्रभारी भी मौजूद थे.

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि पंडरा स्थित परीक्षा केंद्र में ऑनलाइन परीक्षा के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितता और चीटिंग की जा रही है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
Also Read: जमशेदपुर में ब्राउन शुगर के बड़े नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 गिरफ्तार
रिमोट एक्सेस के जरिए चल रहा था खेल
पुलिस की टीम जब अचानक परीक्षा केंद्र पहुंची, तो वहां हड़कंप मच गया. कई कंप्यूटरों पर कर्सर अपने आप चल रहे थे. इससे पुलिस को शक हुआ. जब गंभीरता से जांच की गई, तो पूरा मामला सामने आ गया.
जानकारी के मुताबिक, इस मामले में खुद SSC की ओर से पुलिस को गड़बड़ी की शिकायत मिली थी. परीक्षा के दौरान सिस्टम में तकनीकी हेरफेर या रिमोट एक्सेस के जरिए धांधली की जा रही थी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तकनीकी उपकरणों की जांच की और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को गिरफ्तार कर लिया.
सुखदेव नगर थाना में केस दर्ज
इस मामले में सुखदेव नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है.
