Chakradharpur: चाईबासा के दुंबीसाई स्थित अर्जुना हॉल परिसर में रविवार 24 मई 2026 को हो’ हायम मरसल अकड़ा, जोहार एक्सपी और देशाऊली फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ते हुए उन्हें विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण देना था. कार्यक्रम की शुरुआत हो लोकगीत एवं प्रार्थना के साथ हुई. इसके बाद समाज के विभिन्न प्रमुख लोगों का अतिथि के रूप में स्वागत किया गया. कार्यशाला में पश्चिम सिंहभूम जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा ओडिशा के क्योंझर, मयूरभंज और सुंदरगढ़ जिले से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल हुए.

युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में कौशल विकास की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में कौशल विकास की जानकारी दी गई. इसमें JoharXP App एवं Warang Chiti App का लॉन्च आर्यन बुड़ीउलि और उनकी टीम द्वारा किया गया. वहीं ज्वेलरी निर्माण पर सीता, रेशम खेती पर शंकर सोय, ट्रेडिशनल आर्ट पर श्रमिक बरजो, विजुअल आर्ट पर धीरेंद्र हाईबुरू, पारंपरिक खाद्य सामग्री पर मालती बोदरा, बेकरी फूड पर प्राछी अनुज्ञा खालखो तथा ब्रांडिंग एवं पैकेजिंग पर श्रावण सुन्डी ने ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण दिया.
सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन से पूर्व देशाऊली फाउंडेशन के संस्थापक एवं सामाजिक कार्यकर्ता साधु हो ने सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया. संस्था की संस्थापक पांगेला सामड, जो वर्तमान में मलेशिया में रह रही हैं, उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए शुभकामनाएं दीं. अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में अमनदीप कौर, मोयका बिरूवा, नगेश्री बिरूली, सोनिया सोय, पुष्पांजलि बारी, आर्यन बुड़ीउलि, श्रमिक बरजो, मालती बोदरा, सोनिया बांकिरा, सुनील गागराई, विष्णु कुमार तियू, धीरेंद्र हाईबुरू, प्रधान तमसोय, कोमल तिरिया, नन्दी जोंको, सारिका पूर्ति, साधना समाड सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
यह भी पढ़ें: झूठे दही बड़े बेच रहे खोमचे वाले को ग्राहकों ने रंगे हाथों पकड़ा, गिरफ्तार
