Ranchi: आज शहर में राजनीतिक सरगर्मी उस समय चरम पर पहुंच गई, जब सैकड़ों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता विरोध-प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यालय के बाहर जा पहुंचे. प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता कांग्रेस और उसके शीर्ष नेताओं के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. स्थिति को बेकाबू होता देख भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया.

कार्यालय में घुसने का प्रयास, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता लगातार सुरक्षा घेरा तोड़कर कांग्रेस कार्यालय के भीतर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, हालांकि, मौके पर मुस्तैद पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें कार्यालय के मुख्य द्वार से काफी पहले ही रोक लिया.

इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर खींचतान और धक्का-मुक्की हुई. कार्यकर्ता आगे बढ़ने पर अड़े रहे, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें पीछे धकेलने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे.

Also Read: JPSC कार्यालय बना रणक्षेत्र, गेट तोड़कर परिसर में घुसे भाजयुमो कार्यकर्ता, पुलिस-प्रशासन अलर्ट
नारेबाजी से गूंजा इलाका
प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह से राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया. भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक तरफ जहां राहुल गांधी चोर है के तीखे नारे लगाए, वहीं दूसरी तरफ पूरे परिसर में मोदी, मोदी के गगनभेदी नारे गूंजते रहे.घटना के बाद से कांग्रेस कार्यालय और आसपास के इलाकों में तनाव की स्थिति बनी हुई है. एहतियात के तौर पर पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या हिंसा को रोका जा सके. फिलहाल पुलिस स्थिति पर पूरी नज़र बनाए हुए है और आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं.
