हजारीबाग में मौत की रफ्तार: डॉक्टर जाकिर हुसैन रोड पर कोयला लदे ट्रकों का तांडव, अनियंत्रित ट्रक ने बिजली पोल में मारी टक्कर; आक्रोशित जनता ने की नो-एंट्री की मांग

Hazaribgh: शहर के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले इलाकों में शुमार डॉक्टर जाकिर हुसैन रोड इन दिनों मौत का कॉरिडोर बनता...

Hazaribgh: शहर के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले इलाकों में शुमार डॉक्टर जाकिर हुसैन रोड इन दिनों मौत का कॉरिडोर बनता जा रहा है. जिला प्रशासन और सरकार की घोर उदासीनता के कारण इस संकरे मार्ग से दिन-रात सैकड़ों की संख्या में कोयला लदे भारी और अनियंत्रित वाहनों (हाईवा और ट्रकों) का परिचालन धड़ल्ले से जारी है. रविवार की रात करीब 11 बजे इसी लापरवाही का एक और खौफनाक नजारा उस वक्त देखने को मिला, जब कोयले से ओवरलोड एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में जोरदार टक्कर मार दी. गनीमत रही कि इस टक्कर से आज पोल टूटा नहीं, लेकिन जिस तरह से यह टक्कर मारी गई, उससे पूरे इलाके के लोगों की सांसें हलक में अटक गईं.

पहले टूट चुका है पोल, आज फिर मारी टक्कर; बाल-बाल बचीं दर्जनों जिंदगियां

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में ऐसी घटनाएं अब रोज की बात हो गई हैं. इससे पहले भी कोयले की गाड़ियों द्वारा बिजली के पोल में जोरदार टक्कर मारी गई थी, जिसमें पोल पूरी तरह टूट गया था और उस हादसे के कारण पूरे क्षेत्र के लोगों को लंबे समय तक बिजली की गंभीर समस्या से जूझना पड़ा था. आज फिर एक अनियंत्रित ट्रक ने उसी तरह पोल में जोरदार धक्का मार दिया. जिस वक्त यह ताजा हादसा हुआ, उस समय सड़क पर आम राहगीरों और स्थानीय लोगों की आवाजाही थी. ट्रक की रफ्तार को देखकर वहां मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई, वरना कई लोग इस भारी वाहन की चपेट में आ सकते थे.

जान-माल का खतरा लगातार जारी, कभी भी हो सकती है बड़ी अनहोनी

भारी वाहनों के कारण इस घनी आबादी वाले क्षेत्र के लोगों के जान-माल का खतरा लगातार बढ़ता ही चला जा रहा है. आए दिन किसी न किसी बिजली के पोल में धक्का मारने की इन घटनाओं से स्थानीय नागरिक दहशत में हैं. लोगों का कहना है कि कभी भी कोई अनियंत्रित ट्रक किसी के घर में घुस सकता है, या पोल टूटने से हाई-वोल्टेज तार सड़क पर गिर सकते हैं, जिससे किसी भी समय सामूहिक हादसे या बड़ी जनहानि की आशंका बनी रहती है.

Read Also: कोडरमा में हाथियों का उत्पात, कई बाउंड्री तोड़ी, लोग दहशत में

‘सरकार और प्रशासन को अब किस, खूनी हादसे का इंतजार?’ – बाबर कुरैशी

इस गंभीर मुद्दे को लेकर स्थानीय जनता में भारी आक्रोश पनप रहा है. समाजसेवी बाबर कुरैशी ने आम जनता की आवाज बुलंद करते हुए कहा कि, “प्रशासन आख़िर किस बड़ी अनहोनी का इंतज़ार कर रहा है? क्या किसी की मौत के बाद ही यह सोई हुई व्यवस्था जागेगी? पहले पोल टूटने से जनता बिजली संकट झेल चुकी है और आज फिर वही दुस्साहस किया गया.” उन्होंने पुरजोर मांग की है कि इस घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके की सुरक्षा को देखते हुए जल्द से जल्द डॉक्टर जाकिर हुसैन रोड से कोयले की भारी गाड़ियों के आवागमन पर पूरी तरह और तुरंत रोक लगाई जाए, ताकि लोग अपने ही शहर में सुरक्षित सांस ले सकें. यदि प्रशासन ने इस पर तुरंत एक्शन नहीं लिया, तो क्षेत्र की आक्रोशित जनता सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *