Jamtara: नगर स्थित सेंट एंथोनी विद्यालय में महान साहित्यकार, दार्शनिक एवं नोबेल पुरस्कार से सम्मानित गुरुदेव रविंद्रनाथ ठाकुर की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई. इस अवसर पर विद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. सभा में विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी, निदेशक डॉ. चंचल भंडारी, प्राचार्य लारेब खान, शैक्षणिक प्रमुख दीपक कुमार मंडल, उप-प्राचार्य उत्पल मंडल, विजन-ई सेक्रेटरी अपर्णा भंडारी, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने गुरुदेव रविंद्रनाथ ठाकुर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.

विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश
इस अवसर पर विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी ने गुरुदेव रविंद्रनाथ ठाकुर की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन साहित्य, शिक्षा, कला और मानवता के प्रति समर्पित रहा. उन्होंने विद्यार्थियों से उनके जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने व्यक्तित्व का निर्माण करने का आह्वान किया.

भारतीय साहित्य और संस्कृति के महान स्तंभ थे ठाकुर
विद्यालय के निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने गुरुदेव रविंद्रनाथ ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे भारतीय साहित्य, संस्कृति और शिक्षा के महान स्तंभ थे. उनके विचार एवं रचनाएं आज भी समाज को मानवता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देती हैं.

रवीन्द्र संगीत से विद्यार्थियों ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मनमोहक रवीन्द्र संगीत एवं गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी. अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने गुरुदेव रविंद्रनाथ ठाकुर को नमन करते हुए उनके साहित्यिक और सांस्कृतिक योगदान को याद किया.
महान विभूतियों के जीवन से सीखने का अवसर
अंत में प्राचार्य लारेब खान ने उपस्थित जनों का धन्यवाद ज्ञापन किया. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को महान विभूतियों के जीवन एवं विचारों से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करते हैं.
ALSO READ:कोडरमा: समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा, DDC ने दिए आवश्यक निर्देश

