Bihar: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की TRE-4 परीक्षा समेत कई मांगों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन एक बार फिर तेज हो गया है. मंगलवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए सड़क पर उतर आए. प्रदर्शनकारी BPSC TRE-4 में सिर्फ एक परीक्षा कराने, निगेटिव मार्किंग खत्म करने और 100 प्रतिशत डोमिसाइल लागू करने समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं.

बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े छात्र
छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सड़क पर बैरिकेडिंग की गई थी. बैरिकेड को बांस और मोटी रस्सियों से बांधा गया था. इसके बावजूद छात्रों की भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और मुख्यमंत्री आवास की ओर आगे बढ़ने लगी. प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. कई स्थानों पर लोहे की शील्ड लगाई गई है, जबकि स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए वाटर कैनन भी तैयार रखा गया है.
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी ने सुनाया अपना दर्द
प्रदर्शन के दौरान एक महिला अभ्यर्थी ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि वह BPSC AEDO की परीक्षा देने के लिए सीवान गई थी. इसके लिए उसे करीब 2 हजार रुपये कर्ज लेना पड़ा था. अभ्यर्थी ने बताया कि उसके माता-पिता नहीं हैं और वह काम करने के साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखती है. उसने आरोप लगाया कि सीवान में उसे बेहद खराब जगह परीक्षा केंद्र दिया गया था. उसके मुताबिक, परीक्षा केंद्र खेत में बनाया गया था. अभ्यर्थी ने कहा कि अगर परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था इस तरह की होगी तो परीक्षा में गड़बड़ी और सेटिंग की आशंका बनी रहेगी. उसने सरकार से परीक्षा व्यवस्था में सुधार समेत अभ्यर्थियों की अन्य मांगों पर भी कार्रवाई की अपील की.
Read Also: हजारीबाग: पार्किंग नहीं तो सड़क ही सही! बैंक के सामने वाहनों का जमावड़ा, हादसे को दे रहा न्योता
मुख्यमंत्री से मिलने की मांग पर अड़े छात्र
प्रदर्शनकारी छात्र मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से सीधे मुलाकात की मांग पर भी अड़े हुए हैं. छात्रों का कहना है कि उनकी समस्याओं का समाधान मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद ही संभव है. प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से मिलने की मांग दोहराई. बताया जा रहा है कि पुलिस प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया गया है कि छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल तैयार किया जाए. इसके बाद प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री आवास ले जाकर मुलाकात कराने की कोशिश की जाएगी.
DM और SSP ने संभाला मोर्चा
छात्रों की बढ़ती भीड़ और प्रदर्शन को देखते हुए पटना के जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. पुलिस अधिकारियों की ओर से अलग-अलग स्थानों पर तैनात जवानों को अलर्ट किया गया है. इस बीच छात्र नेता खुशबू पाठक को हिरासत में लिए जाने की भी खबर सामने आई है. हालांकि, प्रदर्शनकारियों की मांगों और आगे की रणनीति को लेकर स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है.
कई मांगों को लेकर सड़क पर अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लिया जाना चाहिए. TRE-4 में परीक्षा प्रक्रिया को लेकर बदलाव, निगेटिव मार्किंग खत्म करने और 100 प्रतिशत डोमिसाइल समेत अन्य मांगों को लेकर छात्र लगातार आवाज उठा रहे हैं. फिलहाल पटना में छात्रों का प्रदर्शन जारी है. अब देखना होगा कि सरकार और प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मामले को शांत कराया जाता है या आंदोलन आगे और तेज होता है.

