Ranchi: JSSC CGL समेत TDPL के जरिए आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द किए जाने के सरकार के फैसले के बाद छात्र आंदोलन के देवेंद्र महतो गुट ने अब आंदोलन का अगला रुख तय कर लिया है. गुट की ओर से आज आभार यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया है. यात्रा शाम 4 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक जाएगी. छात्र नेताओं का कहना है कि परीक्षा रद्द करने का सरकार का फैसला लंबे समय से चल रहे आंदोलन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इसी को लेकर सरकार के प्रति आभार जताने के लिए यह यात्रा निकाली जाएगी. गुट ने कहा कि आंदोलन ने यह साबित किया है कि लगातार और संगठित तरीके से आवाज उठाई जाए तो सरकार को छात्रों की मांगों पर फैसला लेना पड़ता है.
‘अब परीक्षा नहीं, व्यवस्था में बदलाव की मांग’
देवेंद्र महतो गुट ने साफ किया है कि परीक्षा रद्द होना आंदोलन का अंतिम पड़ाव नहीं है. अब छात्रों का जोर भर्ती और परीक्षा प्रणाली में सुधार पर रहेगा. गुट की मांग है कि परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए एक अलग कमेटी बनाई जाए. छात्र नेताओं के मुताबिक यह कमेटी परीक्षा प्रक्रिया के हर चरण का ऑडिट करे और तय SOP का सख्ती से पालन सुनिश्चित करे. उनका कहना है कि सिर्फ परीक्षा रद्द करने से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनानी होगी जिससे आगे पेपर लीक या किसी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश ही न रहे.
यह भी पढ़ें: रांची: परीक्षा रद्द होना अंत नहीं, अब व्यवस्था बदलने की लड़ाई: देवेंद्रनाथ महतो
विधानसभा से कानून बनाने की मांग
देवेंद्र गुट ने झारखंड की प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर विधानसभा में विशेष कानून या बिल लाने की भी मांग रखी है. छात्रों का कहना है कि परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया को मजबूत कानूनी ढांचे के तहत लाया जाए, ताकि भविष्य में किसी विवाद की स्थिति में जिम्मेदारी तय हो सके और अभ्यर्थियों के हित सुरक्षित रहें.
‘हमने जो झेला, अगली पीढ़ी को नहीं झेलना पड़े’
छात्र नेताओं ने कहा कि आंदोलन के दौरान छात्रों को कई तरह की परेशानियों और कुर्बानियों से गुजरना पड़ा. उनका उद्देश्य है कि आने वाली पीढ़ी के छात्रों को नौकरी के लिए तैयारी करने के बाद परीक्षा व्यवस्था की खामियों के खिलाफ सड़क पर न उतरना पड़े. गुट ने कहा कि भूख हड़ताल फिलहाल खत्म की गई है, लेकिन आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है. जब तक परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस प्रणाली तैयार नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है.
