एमकेडीएवी पब्लिक स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह, पलामू प्रमंडल टॉपर जय मंजश समेत मेधावियों का सम्मान

Palamu: पलामू के डालटनगंज स्थित एम.के.डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, चियांकी में सीबीएसई कक्षा 12वीं की परीक्षा में 90 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक...

Palamu: पलामू के डालटनगंज स्थित एम.के.डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, चियांकी में सीबीएसई कक्षा 12वीं की परीक्षा में 90 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस समारोह में विद्यार्थियों की शानदार और ऐतिहासिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है.

इस वर्ष विद्यालय के विज्ञान संकाय के छात्र जय मंजश लकड़ा ने परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 97.2 प्रतिशत अंक हासिल किए. उन्होंने न केवल अपने विद्यालय के विज्ञान वर्ग में टॉप किया, बल्कि पूरे पलामू प्रमंडल के टॉपर बनने का ऐतिहासिक गौरव भी हासिल किया. जय मंजश ने जीवविज्ञान विषय में शत-प्रतिशत यानी 100 में 100 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. उनके साथ ही अर्घदीप झा ने भी रसायन विज्ञान विषय में 100 में 100 अंक प्राप्त कर एक विशेष और अनुकरणीय उपलब्धि दर्ज की.

90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले अन्य होनहार विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया. इनमें ऋचा कुमारी (97%), गीत शर्मा (95%), कौशल राज (94%), इंद्रजीत (92.2%), अभार्थी राय (92%), अघदीप झा (91.8%), दीपिका (91.2%), अंकित कुमार गुप्ता (91%) तथा शाकेशी सिंह (90%) शामिल रहे, जिन्हें मंच पर अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया.

इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती इंद्राणी चटर्जी ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अटूट अनुशासन और दृढ़ आत्मविश्वास ही जीवन में सफलता की असली कुंजी हैं. उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोहराया कि विद्यालय सदैव अपने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. इसके साथ ही उन्होंने बच्चों की इस सफलता में अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के अथक मार्गदर्शन की भी खुलकर सराहना की.

ALSO READ: हज के लिए तैयार दुनिया भर के मुसलमान, 25 मई से अहम अरकान

उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शिक्षकों को भी मिला सम्मान

विद्यार्थियों के इस बेहतरीन प्रदर्शन के पीछे उनके शिक्षकों की मेहनत को भी मंच पर सराहा गया. समारोह के दौरान जीवविज्ञान शिक्षक श्री तुषार घोष तथा रसायन विज्ञान शिक्षक श्री सौरव दास को उनके उत्कृष्ट शिक्षण प्रदर्शन, बेहतर मार्गदर्शन एवं समर्पण भाव के लिए प्राचार्या श्रीमती इंद्राणी चटर्जी द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया. अंत में पूरे विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएँ दीं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *