Ranchi : नगर निगम शहर को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और जाम से मुक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है. इसी कड़ी में उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू की अध्यक्षता में इनफोर्समेंट शाखा की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में अतिक्रमण हटाओ अभियान, सफाई व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और नियमों के पालन पर विस्तार से चर्चा की गई.
अतिक्रमण, सफाई और नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
बैठक में निर्देश दिया गया कि मुख्य सड़कों के किनारे बने भवनों की जमीन (गिफ्ट डीड) की जांच नगर निवेशक शाखा के साथ मिलकर की जाए और जहां भी अतिक्रमण मिले वहां तुरंत कार्रवाई हो. उप नगर आयुक्त ने सभी वार्डों में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने को कहा और जिला प्रशासन व ट्रैफिक विभाग का सहयोग लेने पर जोर दिया ताकि जाम की समस्या खत्म हो सके.
Also Read : गुमला में विकास की रफ्तार का जायजा लेने पहुंचे आयुक्त
सफाई व्यवस्था को लेकर सिंगल यूज प्लास्टिक और कैरी बैग पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्देश दिया गया. साथ ही सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों पर सीसीटीवी से निगरानी कर जुर्माना लगाने की बात कही गई. दुकानदारों को पार्किंग एरिया का सही उपयोग करने और बिना अनुमति निर्माण पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई. इसके अलावा सभी दुकानों में दो डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है, नियम तोड़ने पर जुर्माना लगाया जाएगा.
