Chakradharpur: चक्रधरपुर शहर में लगातार घरों और दुकानों में हो रही चोरी की घटनाओं के विरोध में सोमवार देर शाम व्यापारी संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने कैंडल मार्च निकाला. हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर व्यापारी पवन चौक से चक्रधरपुर थाना पहुंचे और बढ़ती चोरी की घटनाओं के खिलाफ विरोध दर्ज कराया. कैंडल मार्च के दौरान व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर तत्काल प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की. व्यापारियों ने कहा कि चोरी की घटनाओं के कारण व्यापारी ही नहीं, आम लोग भी अपने घरों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. चोरों के बढ़ते हौसले से व्यापारियों में भय के साथ आक्रोश भी बढ़ रहा है.
चोरी का सामान बरामद करने की मांग
व्यापारियों ने हाल ही में चक्रधरपुर के रश्मि इलेक्ट्रॉनिक प्रतिष्ठान में हुई बड़ी चोरी की घटना को भी प्रमुखता से उठाया. उन्होंने पुलिस से चोरी गई सामग्री को जल्द बरामद करने और घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की. व्यापारियों का कहना था कि शहर में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के साथ चोरी की संपत्ति की बरामदगी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि व्यापारियों और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा.

बढ़ती चोरी की घटनाओं के विरोध में चक्रधरपुर बंद का आह्वान किया गया है. व्यापारियों के इस बंद को भाजपा ने भी पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है. भाजपा जिलाध्यक्ष गुरुचरण नायक और पूर्व विधायक शशिभूषण सामड ने कहा कि रश्मि इलेक्ट्रॉनिक में हुई बड़ी चोरी की घटना ने पूरे व्यापारी समाज को झकझोर कर रख दिया है. घटना को लेकर व्यापारियों में भारी आक्रोश है. भाजपा नेताओं ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है. शहर में पुलिस गश्ती और पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ठोस और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों और सुरक्षा की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का स्थायी समाधान निकालना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए.
