SAURAV SINGH
RANCHI: झारखंड पुलिस महकमे में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे पुलिस पदाधिकारियों के लिए प्रक्रिया तो शुरू हुई है, लेकिन सीनियरिटी के पेच ने फिलहाल इस पर ब्रेक लगा दिया है. राज्य के करीब 4000 सहायक अवर निरीक्षक एएसआई) में से 900 पदाधिकारियों को सब इंस्पेक्टर (दरोगा) के पद पर प्रोन्नति मिलनी है, लेकिन वरीयता सूची को लेकर फंसा मामला इस प्रक्रिया में देरी का मुख्य कारण बना हुआ है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक पुलिस मुख्यालय ने 4000 एएसआई की एक औपबंधिक वरीयता सूची जारी की थी. नियम के मुताबिक, सूची जारी करने के साथ ही विभाग ने संबंधित पदाधिकारियों से आपत्तियां मांगी थीं. वर्तमान में मुख्यालय इन प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा कर रहा है. जब तक इन आपत्तियों का निराकरण कर फाइनल सीनियरिटी लिस्ट तैयार नहीं हो जाती, तब तक पदोन्नति की फाइल आगे नहीं बढ़ पाएगी.
पदोन्नति की प्रक्रिया, चरण-दर-चरण
पदोन्नति और नई बहाली के लिए पुलिस मुख्यालय ने एक विस्तृत खाका तैयार किया है. आपत्तियों को दूर कर फाइनल लिस्ट तैयार करना. मुख्यालय द्वारा गृह विभाग को रोस्टर तैयार कर भेजा जाएगा. रोस्टर बनने के बाद यह तय होगा कि कुल रिक्तियों में से कितने पद पदोन्नति से भरे जाएंगे और कितने सीधी नियुक्ति से. प्रोन्नति के लिए मुख्यालय स्तर पर एक विशेष बोर्ड का गठन किया जाएगा, जो एएसआई रैंक के योग्य पदाधिकारियों की स्क्रीनिंग कर उन्हें दरोगा पद पर प्रमोट करेगा.
ALSO READ: BREAKING: जेल में बंद निलंबित IAS विनय चौबे को झटका, हाईकोर्ट ने नहीं दी बेल
