Khunti : जिला के अड़की थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. सिंदरी वाइन शॉप का शटर तोड़कर स्कॉर्पियो से पहुंचे चार अज्ञात चोर करीब 36 पेटी विदेशी शराब और 3,200 रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए. चोरी की गई शराब की कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 3 बजे स्कॉर्पियो से पहुंचे चार चोरों ने पहले दुकान का शटर तोड़ा. इसके बाद वाहन को खूंटी-तमाड़ मुख्य मार्ग पर खड़ा कर लाइट के जरिए आपस में संकेत देते हुए एक-एक कर शराब की पेटियां गाड़ी में लादते रहे. पूरी वारदात करीब 25 मिनट तक चली. जिसके बाद सभी आरोपी स्कॉर्पियो से फरार हो गए.
3200 नकदी भी चोरी
बुधवार सुबह जब दुकान के कर्मचारी पहुंचे तो शटर का लॉक टूटा मिला. दुकान के अंदर से 36 पेटी विदेशी शराब गायब थी. जबकि लॉकर के बाहर रखे 3,200 रुपये भी चोरी हो चुके थे. चोरों ने लॉकर तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके. बताया गया कि लॉकर में बिक्री के करीब 60 हजार रुपये सुरक्षित रखे थे, जो बच गए.

सीसीटीवी CCTV कैमरे में कैद घटना
घटना की सूचना मिलते ही अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में पता चला कि पूरी वारदात दुकान के बगल स्थित एक मेडिकल स्टोर के सीसीटीवी CCTV कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों और स्कॉर्पियो की पहचान करने में जुटी है. इस बड़ी चोरी की घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में दहशत का माहौल है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चोरों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
ALSO READ : झारखंड में नए आपराधिक कानूनों को लेकर होने वाली उच्च स्तरीय बैठक स्थगित, गृह विभाग ने जारी किया आदेश


