रामगढ़: जिले में जंगली हाथियों का उत्पात जारी है. बीती रात हाथियों के झुंड ने कई बस्तियों में तोड़फोड़ की. इसकी चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मृतकों में दो पतरातु क्षेत्र के थे. घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
चांडिल रेंज के लिए एडवाइजरी
वन विभाग ने चांडिल रेंज के हाथी-प्रभावित गांवों के लिए एडवाइजरी जारी की है. लोगों से अपील की गई है कि रात में समूह बनाकर चलें और खेत या जंगल के किनारे अकेले न जाएं. अपने साथ टॉर्च और शोर करने वाले उपकरण रखें. फसलों के पास मदिरा या भट्ठी जैसी वस्तुएं न छोड़ें, जो हाथियों को आकर्षित कर सकती हैं.
हाथी दिखने पर उन्हें छेड़छाड़ न करें और पर्याप्त दूरी बनाए रखें. फोटो या वीडियो बनाने के चक्कर में पास जाने से बचें. किसी भी संदिग्ध हलचल या हाथियों के झुंड की गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि जनहानि को रोका जा सके.
नीमडीह-काशीडीह में हाथी का उत्पात
चांडिल वन क्षेत्र के अंतर्गत नीमडीह प्रखंड की गुंडा पंचायत स्थित काशीडीह गांव में जंगली हाथी ने रात के समय हृदय महतो (पिता: पिंटा महतो) के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया. वनपाल के अनुसार बिनता देवी के घर को भी हाथी ने नुकसान पहुंचाया.
हालांकि, दोनों परिवार सुरक्षित हैं. वन विभाग ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और मुआवजा प्रक्रिया प्रारंभ करने की बात कही है. स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और हाथी दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की गई है.
