Ranchi : देवघर के इंजीनियर समेत तीन लोगों की आरा-बक्सर फोरलेन पर भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई. यह घटना बिहार के भोजपुर जिले में हुई है. जहां रविवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रेलर के बीच हुई भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई. यह दर्दनाक हादसा बिहिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आरा-बक्सर फोरलेन (NH-922) पर अमराई नवादा स्थित राही होटल के समीप हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी स्कॉर्पियो
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आरा-बक्सर फोरलेन से गुजर रही थी. अमराई नवादा के पास अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी आगे चल रहे एक भारी ट्रेलर में पीछे से बेहद जोरदार तरीके से जा भिड़ी. सुबह-सुबह हुए इस भीषण हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे. घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई.

मृतकों में नवविवाहित दंपती शामिल, परिजनों में कोहराम
इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान हो चुकी है, जिनमें एक नवविवाहित जोड़ा भी शामिल है. जिनमें प्रकाश कुमार सिंह (32 वर्ष), निवासी देवघर (झारखंड), पेशे से इंजीनियर, पल्लवी कुमारी (27 वर्ष) प्रकाश कुमार सिंह की पत्नी और सौरव कुमार (26 वर्ष) निवासी सारण जिला.इस दुर्घटना में सौरव कुमार का छोटा भाई कुमार गौरव (24 वर्ष) गंभीर रूप से जख्मी हुआ है. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है.
15 दिनों के टूर से लौट रहा था परिवार, रास्ते में ही थमीं सांसें
घटना के संबंध में बताया जाता है कि देवघर निवासी इंजीनियर प्रकाश कुमार सिंह की शादी इसी साल 14 फरवरी को पल्लवी कुमारी के साथ हुई थी. शादी के बाद प्रकाश अपनी पत्नी और रिश्तेदारों के साथ करीब 15 दिन पहले एक लंबे टूर पर निकले थे. इस दौरान उन्होंने नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर, नोएडा, कुल्लू-मनाली और लद्दाख की हसीन वादियों की यात्रा की थी.
ALSO READ : राम मंदिर दान घोटाला: क्या गर्लफ्रेंड तक पहुंचा चढ़ावे का पैसा? सामने आए नए सबूत


