Giridih: तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी गांव में बुधवार शाम वज्रपात की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए. घटना सकरी नदी किनारे की बताई जा रही है.
बारिश से बचने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई. उसी दौरान बेलवाना निवासी 30 वर्षीय आफताब अंसारी, चंदौरी निवासी 26 वर्षीय राजू तुरी, नूनमनी कुमार, 24 वर्षीय अमन कुमार, चरना रविदास और चंदन कुमार नदी किनारे बैठे हुए थे. बारिश से बचने के लिए सभी लोग पास के एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए, तभी तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और सभी इसकी चपेट में आ गए.
दो की मौके पर मौत, चार घायल
इस घटना में नूनमनी कुमार और अमन कुमार तुरी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं आफताब अंसारी और राजू तुरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चरना रविदास और चंदन कुमार को हल्की चोटें आई हैं.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत चंदौरी के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां दो गंभीर घायलों का इलाज जारी है.
सीएचसी में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मृतकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है.
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
लगातार बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: भीषण गर्मी से मिली राहत, तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से मौसम हुआ सुहाना
