Palamu: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर इन दिनों एक शिक्षक द्वारा कक्षा में बच्चों के साथ मारपीट करने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच की गई. जांच के बाद पलामू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह वीडियो वर्तमान का नहीं, बल्कि साल 2022 की एक पुरानी घटना से संबंधित है, जिस पर पुलिस पहले ही कड़ी कानूनी कार्रवाई कर चुकी है.
जांच में हुआ खुलासा, आरोपी शिक्षक हुआ था गिरफ्तार
पुलिस द्वारा की गई जांच में यह बात सामने आई है कि वीडियो में बच्चों की पिटाई करता दिख रहा शिक्षक शशिकेश कश्यप है. वह हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला का निवासी है. घटना के वक्त वह जपला स्थित ‘लक्ष्मी शिशु वाटिका विद्यालय’ में शिक्षक के रूप में कार्यरत था.

2022 में ही दर्ज हुई थी प्राथमिकी
इस मामले को लेकर हुसैनाबाद महिला थाना में कांड संख्या- 12/2022, दिनांक 30.08.2022 को भा.दं.सं. की धारा 341, 323, 324, 326(A) और 75/82 जे.जे. एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. अनुसंधान के दौरान आरोपी शिक्षक शशिकेश कश्यप को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था और मामले में पूरी कानूनी कार्रवाई पूरी की जा चुकी है.
भ्रामक खबरों से बचने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने आम जनता और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वे वर्तमान में प्रसारित हो रहे इस पुराने वीडियो को नई घटना मानकर भ्रम न फैलाएं. पुलिस ने कहा कि किसी भी वीडियो या समाचार को सोशल मीडिया पर साझा (शेयर) करने से पहले उसकी सत्यता की जांच और पुष्टि अवश्य कर लें, तथा भ्रामक एवं अपुष्ट जानकारियों को आगे बढ़ाने से बचें.
