Newawave Desk: सूडान में जारी गृहयुद्ध के बीच साउथ कोर्डोफान में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है. स्थानीय मेडिकल संगठन सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क के अनुसार, कर्दूद और अबू हमामा इलाकों में हुई हिंसा में कम से कम 27 लोगों की मौत हुई है, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं. संगठन ने इन हमलों के लिए विद्रोही संगठन सूडान पीपुल्स लिबरेशन मूवमेंट-नॉर्थ (SPLM-N) से जुड़े लड़ाकों को जिम्मेदार ठहराया है.

बड़ी संख्या में लोग सुरक्षित इलाकों की ओर भागे
हिंसा के बाद इलाके में डर और दहशत का माहौल है. बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन किया है. बताया गया है कि लोग अबू हितान और कडुगली की ओर जा रहे हैं. हमलों में महिलाओं के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है.
जमीन विवाद से बढ़ा जातीय तनाव
साउथ कोर्डोफान में SPLM-N से जुड़े लड़ाकों और ओटोरो समुदाय के बीच इस साल की शुरुआत में भी हिंसक झड़पें हुई थीं. बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत जमीन को लेकर हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे यह टकराव जातीय तनाव में बदल गया. ताजा घटनाओं ने इलाके में स्थिति और बिगड़ने की आशंका बढ़ा दी है.
2023 से जारी है सूडान में गृहयुद्ध
सूडान में अप्रैल 2023 से सेना और अर्धसैनिक संगठन रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के बीच युद्ध जारी है. इस संघर्ष के कारण देश में गंभीर मानवीय संकट पैदा हो गया है और लाखों लोग विस्थापित हुए हैं. साउथ कोर्डोफान की ताजा हिंसा ने चिंता बढ़ा दी है कि सेना और अर्धसैनिक बलों के संघर्ष के साथ-साथ जातीय हिंसा भी व्यापक रूप ले सकती है.
ALSO READ: झारखंड में बारिश की रफ्तार बढ़ी, कई जिलों में सामान्य से अधिक पानी, अब सिर्फ 10 फीसदी की कमी
नागरिकों को निशाना बनाने पर चिंता
सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने कहा है कि जातीय पहचान के आधार पर निहत्थे नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का गंभीर उल्लंघन है. संगठन ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से SPLM-N के नेतृत्व पर दबाव बनाने और नागरिकों के खिलाफ हिंसा रोकने की अपील की है.

