Hazaribagh: कटकमसांडी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक पिता द्वारा अपने छह वर्षीय मासूम पुत्र को पटककर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में मातम पसरा है. मृतक बच्चे की पहचान अंश कुमार के रूप में हुई है. घटना को लेकर बच्चे की मां निराली कुमारी ने कटकमसांडी थाना में आवेदन देकर आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है. मां द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, घर में सास के साथ किसी बात को लेकर उसका विवाद हो रहा था. इसी दौरान उसका पति आकाश कुमार वहां पहुंचा. आरोप है कि आकाश कुमार ने कमरे में बेड पर सो रहे बच्चों को उठाया और घर के पीछे कुएं के पास ले गया. वहां ढलाई किए हुए फर्श पर बच्चे को पटक दिया. गंभीर रूप से घायल होने के बाद अंश वहीं अधमरा पड़ा रहा.

पुलिस मामले की जांच में जुटी
निराली कुमारी का आरोप है कि उसने अपने पति से बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई, लेकिन वह बच्चे को अस्पताल लेकर नहीं गया. इसके बाद वह आनन-फानन में घायल अंश को लेकर खुद हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया. हालांकि रांची पहुंचने से पहले चिकित्सकों ने अंश को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद कटकमसांडी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया. थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेजा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी. वहीं मासूम बेटे की मौत के बाद मां निराली कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है.
AlsoRead:हजारीबाग शहर में 8 से 12 और गांवों में 14 से 16 घंटे काटी जा रही बिजली – News Wave Jharkhand

