Ranchi: झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह सक्रिय रहने वाला है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कई दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. राजधानी रांची में 14 से 17 जुलाई के बीच कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, लगातार बारिश के कारण अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है.
रांची समेत अधिकांश जिलों में रहेगा बादलों का डेरा
मौसम विभाग का कहना है कि 14 से 17 जुलाई के दौरान रांची सहित राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम नम बना रहेगा. कई जगहों पर हल्की बारिश होगी, जबकि कुछ इलाकों में मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है. लगातार बादल छाए रहने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है.
पिछले 24 घंटे में गोड्डा में सबसे अधिक बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान गोड्डा जिले के पाथरगामा में सबसे अधिक 33.2 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं, राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस बहरागोड़ा में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस लोहरदगा में दर्ज हुआ.
इन जिलों के लिए जारी हुआ येलो अलर्ट
मौसम केंद्र ने संताल परगना और कोल्हान क्षेत्र के कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है.
13 जुलाई: इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
13 जुलाई को गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इन जिलों में तेज बारिश के साथ मेघ गर्जन और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं.
14 जुलाई को इन इलाकों में रहेगा अलर्ट
14 जुलाई को चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़ समेत आसपास के कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने स्थानीय प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
15 से 17 जुलाई तक पूरे राज्य में सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, 15 से 17 जुलाई तक झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. इस दौरान लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कई स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है. 15 जुलाई को राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश होने का अनुमान है, जबकि 16 से 17 जुलाई के बीच अनेक स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.
