Newswave Desk: उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित विश्व-प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे और दान की धनराशि में गंभीर अनियमितताओं के मामले में, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने आरोपी अधिकारी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार किया है. सूत्रों के अनुसार, SIT टीम ने 12 जुलाई की रात करीब 8:00 बजे देहरादून में नौटियाल को हिरासत में लिया और पूछताछ व आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें बद्रीनाथ ले आई. गौरतलब है कि बद्रीनाथ धाम में दान की धनराशि के गबन का यह मामला 2 जुलाई को सामने आया था, मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तुरंत जांच के आदेश दिए थे.
जानिए पूरा विवाद क्या था ?
यह मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक चिट्ठी वायरल हुई, जिससे ‘देवभूमि’ में हंगामा मच गया और विपक्ष ने राज्य सरकार को निशाने पर ले लिया. वायरल चिट्ठी में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के कर्मचारियों पर बहुत गंभीर आरोप लगाए गए. जिसमें कहा गया कि उन्होंने मंदिर में मिले दान और चढ़ावे का गलत इस्तेमाल किया. करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र इस पवित्र तीर्थ स्थल पर कथित गड़बड़ियों की खबर से तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय हक-हकूक धारकों से लेकर राजनीतिक हलकों तक में भारी आक्रोश फैल गया.
BKTC आज अपनी रिपोर्ट सौंप सकती है
मामले की गंभीरता के ध्यान में रखते हुए SIT अब दूसरे संदिग्धों की पहचान कर रही है और जल्द ही कई अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद है. वहीं, इस मामले की जांच कर रही BKTC की टीम आज अपनी रिपोर्ट सौंपने वाली है. बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे और दान की रकम में गड़बड़ी हुई थी. चार सदस्यों वाली टीम आज अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंप सकती है, जांच रिपोर्ट में CCTV फुटेज और कर्मचारियों के लिखित बयान शामिल हैं.
