Gumla: घाघरा प्रखंड के तारागुड्डू गांव में बिजली की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक वीरेंद्र उरांव की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने घाघरा-चांदनी चौक मुख्य पथ को जाम कर दिया, जिससे डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा.
खेत में कृषि कार्य के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र उरांव अपने पिता राम उरांव के साथ खेत में कृषि कार्य कर रहा था. इसी दौरान खेत के पास लगे बिजली पोल का तार नीचे की ओर झूल रहा था. काम करने के क्रम में वीरेंद्र उस खुले बिजली तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.


मुआवजे और कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को रोजगार तथा दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की. इसके बाद ग्रामीणों ने शव के साथ घाघरा-चांदनी चौक मुख्य पथ पर जाम लगा दिया.
प्रशासन ने दिया सहायता का आश्वासन
सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी एवं घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर सरकारी प्रावधानों के तहत हर संभव सहायता एवं नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया.

