Patna: बिहार सरकार ने विद्यार्थियों की पढ़ाई को आसान बनाने और उन्हें जरूरत के समय शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए एक नई डिजिटल पहल शुरू की है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप का शुभारंभ किया. फिलहाल यह सुविधा राज्य के 38 जिलों में संचालित 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई है. इस पहल से करीब तीन लाख विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है.

जरूरत पड़ने पर 24 घंटे मिलेगा शिक्षक का सहयोग
‘बिहार विद्या साथी’ के जरिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़े सवालों का समाधान पाने की सुविधा मिलेगी. छात्र अपनी जरूरत के अनुसार शिक्षक का चयन कर उनसे वन टू वन बातचीत कर सकेंगे. करीब 75 हजार शिक्षक इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराएंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसी सुविधा देना है, जिसमें समय और स्थान की बाध्यता न हो. पढ़ाई के दौरान किसी विषय या पाठ को समझने में परेशानी होने पर विद्यार्थी ऐप के माध्यम से तत्काल सहायता ले सकेंगे.
बोर्ड परीक्षा के साथ जेईई और नीट की तैयारी में भी मदद
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को सभी विषयों में लाइव ट्यूटर सपोर्ट दिया जाएगा. वहीं कक्षा 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के छात्रों के लिए बिहार बोर्ड की पढ़ाई के साथ जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी.
एआई टूल्स से मजबूत होगी विषयों की समझ
एप में आधुनिक एआई आधारित सुविधाओं को भी शामिल किया गया है. इनके जरिए विद्यार्थियों को विषयों की अवधारणाओं को बेहतर तरीके से समझने और लगातार अभ्यास करने में मदद मिलेगी. छात्रों को अध्ययन सामग्री के साथ असीमित अभ्यास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी.
आगे अन्य विद्यालयों तक पहुंचेगी योजना
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अभी इस डिजिटल व्यवस्था को 700 विद्यालयों में लागू किया गया है. इसके बाद इसे राज्य के अन्य विद्यालयों तक भी विस्तार देने की योजना है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे तकनीक आधारित इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और अपनी शैक्षणिक जिज्ञासाओं का समाधान लेकर ज्ञान एवं कौशल को मजबूत करें.
छात्राओं ने किया एप का लाइव प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई. राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं जाह्नवी और जिया ने ऐप का उपयोग कर इसकी विभिन्न सुविधाओं का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस एम समेत कई अधिकारी मौजूद रहे. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी और विद्यार्थी भी कार्यक्रम से जुड़े.
ALSO READ: कोडरमा: कांवरियों की सेवा में उतरे नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा, लगाया ‘सेवा समर्पण शिविर’

