Ranchi: डुमरी विधायक जयराम महतो और धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के बीच कथित ऑडियो वायरल होने के मामले में विवाद गहराता जा रहा है. झारखंड पुलिस एसोसिएशन द्वारा 24 घंटे के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के अल्टीमेटम पर पलटवार करते हुए विधायक जयराम महतो ने स्पष्ट किया है कि वे फांसी पर चढ़ जाएंगे, लेकिन माफी किसी कीमत पर नहीं मांगेंगे. जयराम महतो ने पुलिस एसोसिएशन के खिलाफ कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि एसोसिएशन किस अधिकार से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहा है. उन्होंने कहा कि वे कोई जज नहीं हैं जो किसी मामले में फैसला सुनाएं. जयराम महतो के अनुसार, उनकी बातचीत व्यक्तिगत ऑडियो कॉल के जरिए कान में हुई थी, उसे किसी सार्वजनिक मंच पर नहीं कहा गया था. इसके साथ ही उन्होंने ऑडियो में एडिटिंग और छेड़छाड़ का आरोप लगाया.

जयराम महतो ने पुलिस संगठन की नीयत पर सवाल उठाते हुए तीखे हमले किए, कहा- DC-SP के खिलाफ करें शिकायत
- विधायक ने कहा कि अगर पुलिस संगठन में सच में हिम्मत है तो पहले अपने ही जिले के DC (उपायुक्त) का इस्तीफा मांगे. उन्होंने दावा किया कि हर 15-20 दिनों में पुलिसकर्मी और थाना स्तर के अधिकारी DC से मां-बहन की गालियां सुनते हैं. अगर संगठन में दम है, तो पहले DC के खिलाफ शिकायत दर्ज कराए और उनके खिलाफ मोर्चा खोले.
- जयराम महतो ने पुलिसकर्मियों से अपने सीने पर हाथ रखकर सच बोलने की बात कही. उन्होंने पूछा कि क्या उन्हें उनके SP या DC से अपमानजनक गालियां नहीं सुननी पड़तीं?
- जयराम महतो ने आरोप लगाया कि वे एक अलग विचार और बिरादरी से आते हैं तथा इकलौते विधायक हैं, इसी वजह से उन्हें निशाना बनाने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस की जा रही है.
- विधायक का कहना है कि यह एक पर्सनल कॉल था जिसे एडिट कर वायरल किया गया है. अगर पुलिस एसोसिएशन इतना ही ईमानदार है तो वह अधिकारियों के खिलाफ खुलकर बोले.
क्या है मामला
गौरतलब है कि बरवाअड्डा थाने में फर्जी दस्तावेज मामले में हुई झड़प और वायरल ऑडियो के बाद पुलिस एसोसिएशन ने 24 घंटे में माफी न मांगने पर आंदोलन और कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है. वहीं दूसरी ओर जयराम महतो ने भी अपने रुख पर कायम रहते हुए माफी मांगने से साफ इंकार कर दिया है.
ALSO READ: भाजपा कोर कमेटी की बैठक में छात्रों से व्यवहार का मुद्दा छाया

