Bokaro: जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए पुलिस जुटी हुई हैं. इसी कड़ी में बोकारो SP नाथू सिंह मीणा ने शुक्रवार की देर रात सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए खुद कमान संभाली. एसपी ने देर रात शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों का दौरा कर रात्रि पेट्रोलिंग में तैनात पेट्रोलिंग पार्टी और ‘रक्षक राइडर’ के जवानों का औचक निरीक्षण किया साथ ही पुलिस जवानों को कई दिशा निर्देश भी दिए.

संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिस एसपी ने ऑन-ड्यूटी तैनात जवानों की सतर्कता, उनके रिस्पांस टाइम और ड्यूटी निष्पादन के तरीकों को बारीकी से देखा. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए यह सुनिश्चित किया कि पुलिस की गश्त टीमें शहर के कोने-कोने में सक्रिय हैं या नहीं. एसपी ने रक्षक राइडर के जवानों की पोजिशनिंग और उनके गश्त करने के रूट की भी समीक्षा की. इसके अलावा उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए रात्रि गश्ती के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि रात के समय आपराधिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस का हर वक्त अलर्ट रहना बेहद जरूरी है.


जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: SP
एसपी ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. रात के समय सड़कों पर सन्नाटा होने का फायदा कोई भी असामाजिक तत्व न उठा सके, इसके लिए लगातार गश्त की जाए. संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की कड़ाई से चेकिंग की जाए और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. एसपी ने कहा जवानों को सख्त हिदायत दी गई है कि आम नागरिकों के मन में पुलिस के प्रति विश्वास और अपराधियों के मन में डर होना चाहिए. देर रात सड़क पर निकलने वाले राहगीरों को किसी तरह की परेशानी न हो और वे खुद को सुरक्षित महसूस करें, इसके लिए पुलिस को हमेशा तत्पर रहना होगा.
