Bokaro : अवैध कोयला खनन और परिवहन पर नकेल कसने के अभियान के तहत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने पेटरवार थाना क्षेत्र के पिछरी रोड पर बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में CISF ने करीब 21 टन अवैध कोयला लदे तीन ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया. मिली जानकारी के अनुसार, पिछरी रोड पर चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान CISF अधिकारियों ने तीन संदिग्ध ट्रैक्टरों को रोका. जांच में न तो ट्रैक्टरों के पास कोई वैध रजिस्ट्रेशन नंबर मिला और न ही चालकों के पास कोयले के परिवहन से जुड़ा कोई वैध दस्तावेज था.

करगली में CISF की बड़ी कार्रवाई
जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि सभी ट्रैक्टरों पर लदे कोयले को पेटरवार थाना क्षेत्र के पिछरी स्थित एक कोयला फैक्ट्री में ले जाया जा रहा था. पेटरवार पुलिस को सौंपे गए वाहन-CISF की टीम ने जब्त किए गए कोयले और तीनों ट्रैक्टरों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पेटरवार थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है. फिलहाल ‘खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम’ (MMDR Act, 1957) के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. करगली क्षेत्र में 12वीं बड़ी कार्रवाई-CISF के अधिकारियों के अनुसार, करगली क्षेत्र में MMDR एक्ट के तहत की गई यह 12वीं बड़ी कार्रवाई है. विभाग ने सख्त चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और इसके अवैध परिवहन को रोकने के लिए आगे भी इसी तरह का सख्त अभियान जारी रहेगा.

