Jamtara: दुमका रोड स्थित S S अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने और धनबाद में इलाज के दौरान उसकी मौत होने से परिजनों में आक्रोश फैल गया. मंगलवार को परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. मृतका की पहचान जामताड़ा सदर प्रखंड की चलना पंचायत के भंडारों गांव निवासी 20 वर्षीय सुनीता मरांडी के रूप में हुई है.

सीजर ऑपरेशन के बाद बिगड़ी तबीयत
परिजनों के मुताबिक, सुनीता को 21 अगस्त को प्रसव के लिए S S अस्पताल में भर्ती कराया गया था. सीजर ऑपरेशन के बाद उसने बेटे को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. 22 अगस्त को डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उसे धनबाद के जेपी अस्पताल ले गए, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पति ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतका के पति मुकेश हसदा ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. उन्होंने बताया कि इलाज के लिए अस्पताल को 22 हजार रुपये दिए गए थे. परिजनों का आरोप है कि सीजर ऑपरेशन के दौरान नस कट जाने के बाद सुनीता की हालत बिगड़ी. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
हंगामे के बाद सड़क जाम
महिला की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों ने S S अस्पताल में हंगामा और तोड़फोड़ की. इसके बाद जामताड़ा-दुमका मुख्य मार्ग को भी जाम कर दिया गया. परिजन मुआवजे के साथ अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया.
ALSO READ: झमाझम बारिश से सराबोर झारखंड, सामान्य से बेहतर स्थिति में कई जिले, खेतों में लौटी किसानों की रौनक
पुलिस ने लोगों को समझाने का किया प्रयास
मामले को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि मौके पर पुलिस बल भेजा गया है. लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है.

