Simdega: ऑपरेशन विश्वास कार्यक्रम के तहत सिमडेगा पुलिस द्वारा पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित कर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से खोए एवं चोरी हुए 128 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मूल स्वामियों को वापस सौंपे गए. मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई. कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने कहा कि मोबाइल फोन खो जाने से लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ उसमें मौजूद महत्वपूर्ण डाटा के कारण कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इसे देखते हुए पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और आधुनिक तकनीक की मदद से विभिन्न मामलों में खोए एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की खोज की और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया.

फोन खोने पर तुरंत सूचना देने की अपील
SP ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन खो जाता है या चोरी हो जाता है, तो वह बिना देर किए नजदीकी थाना में इसकी सूचना दें. पुलिस मामले की जांच करते हुए तकनीकी माध्यम से मोबाइल को खोजने का प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है.

