Ranchi: झारखंड में मानसून ने एक बार फिर अपनी रफ्तार पकड़ ली है. 01 जून से 25 अगस्त तक की अवधि के दौरान राज्य के कई इलाकों में संतोषजनक बारिश दर्ज की गई है. हालांकि कुछ जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से थोड़ा कम जरूर रहा है, लेकिन कुल मिलाकर स्थिति नियंत्रण में है और कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश होने के कारण किसानों के चेहरे खिल उठे हैं. धान की रोपाई और खेती-किसानी के कामों में तेजी आ गई है. मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस समयावधि में पूरे झारखंड का औसत वास्तविक वर्षापात 676.1 मिलीमीटर दर्ज किया गया है, जबकि सामान्य वर्षापात 751.4 मिलीमीटर होना चाहिए था. इस प्रकार राज्य में सिर्फ 10 फीसदी कमं बारिश दर्ज की गई है.

इन जिलों में हुई बंपर बारिश
राज्य के कई ऐसे जिले हैं जहां मानसून ने जबरदस्त मेहरबानी दिखाई है. पश्चिमी सिंहभूम जिला इस मामले में सबसे आगे रहा है, जहां सामान्य से काफी अधिक बारिश दर्ज की गई है. यहां 45 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है. खूंटी में 5 प्रतिशत की सकारात्मक वृद्धि है. लातेहार में नौ फीसदी, रांची में पांच फीसदी, सरायकेला-खरसांवा में सात फीसदी और सिमडेगा में आठ फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है.
सामान्य श्रेणी में रहे ये जिले, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में
झारखंड के कई महत्वपूर्ण जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य श्रेणी के अंतर्गत दर्ज किया गया है. धनबाद में सामान्य वर्षापात 769.4 मिलीमीटर के मुकाबले 698.4 मिलीमीटर बारिश हुई. कमी नौ फीसदी दर्ज की गई है. लोहरदगा में एक फीसदी, पूर्वी सिंहभूम में तीन फीसदी, दुमंका में 18 फीसदी, जामताड़ा में 18 फीसदी, रामगढ़ में 16 फीसदी, साहेबगंज में 18 फीसदी बारिश की कमी दर्ज की गई है.
यह भी पढ़ें: झारखंड में मानसून मेहरबान: लो प्रेशर के असर से कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

