रांची में उद्योग लगाने के लिए जमीन की कमी होगी दूर; तुपुदाना में बनेगी आधुनिक फ्लैटेड फैक्ट्री, एक ही छत के नीचे काम कर सकेंगी कई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स

– छोटे उद्यमियों और स्टार्टअप्स को बड़ा सहारा: महंगी जमीन खरीदे बिना प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर उद्यमियों को मिलेगा आधुनिक कार्यस्थल, प्रदूषण रहित...

– छोटे उद्यमियों और स्टार्टअप्स को बड़ा सहारा: महंगी जमीन खरीदे बिना प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर उद्यमियों को मिलेगा आधुनिक कार्यस्थल, प्रदूषण रहित उद्योगों को मिलेगी जगह.

– आधुनिक बुनियादी ढांचे से होगा लैस: झारखंड इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (जीडको) कराएगा निर्माण, पानी-बिजली और अग्निशमन की होगी मुकम्मल व्यवस्था.

Ranchi: राजधानी रांची में नए उद्योग लगाने के इच्छुक उद्यमियों और स्टार्टअप्स के लिए जमीन की किल्लत अब बाधा नहीं बनेगी. राज्य सरकार के झारखंड इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (जीडको) ने तुपुदाना इंडस्ट्रियल एरिया में 9 करोड़ 54 लाख 99 हजार रुपए की लागत से एक आधुनिक फ्लैटेड फैक्ट्री (Flatted Factory) के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. उद्योग भवन, रातू रोड स्थित जीडको प्रबंधन की देखरेख में बनने वाला यह बहुमंजिला औद्योगिक परिसर अगले 15 महीनों के भीतर बनकर तैयार हो जाएगा.

क्या होती है फ्लैटेड फैक्ट्री

फ्लैटेड फैक्ट्री दरअसल बहुमंजिला (मल्टी-स्टोरी) औद्योगिक इमारत होती है, जिसे विशेष रूप से उन शहरों या औद्योगिक क्षेत्रों के लिए डिजाइन किया जाता है जहां जमीन सीमित और महंगी होती है. जैसे किसी आवासीय अपार्टमेंट में कई परिवार अलग-अलग फ्लैट्स में रहते हैं, ठीक उसी तरह इस बहुमंजिला इमारत में कई अलग-अलग गैर-प्रदूषणकारी (Non-Polluting), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम (MSME) उद्योग और स्टार्टअप्स एक ही छत के नीचे अपनी उत्पादन इकाइयां (मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स) संचालित कर सकेंगे.

उद्यमियों को क्या होगा सीधा फायदा

कम लागत में तुरंत काम शुरू: छोटे उद्यमियों को भारी-भरकम पूंजी लगाकर जमीन खरीदने और अलग से फैक्ट्री शेड बनवाने के झंझट से मुक्ति मिलेगी. उन्हें प्लग-एंड-प्ले मोड में तैयार स्पेस मिलेगा. साझा बुनियादी सुविधाएं: परिसर में बिजली, पानी, ड्रेनेज, सड़क, सिक्योरिटी, आधुनिक फायर-फाइटिंग (अग्निशमन) सिस्टम और कॉमन फैसिलिटी सेंटर जैसी सुविधाएं साझा रूप से उपलब्ध रहेंगी. रोजगार के बढ़ेंगे नए अवसर: फ्लैटेड फैक्ट्री में गारमेंट्स, टेक्सटाइल, आईटी हार्डवेयर, इलेक्ट्रॉनिक्स असेंबलिंग, पैकेजिंग, हैंडीक्राफ्ट और लाइट इंजीनियरिंग से जुड़े दर्जनों उद्यम एक साथ शुरू होंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर युवाओं को रोजगार मिलेगा.

आधुनिक मानकों पर होगा निर्माण

तुपुदाना में बनने वाले इस भव्य आरसीसी फ्रेम स्ट्रक्चर परिसर में करीब 44.19 लाख रुपए की लागत से इलेक्ट्रिकल नेटवर्क, 21.19 लाख रुपए से एडवांस फायर-फाइटिंग सिस्टम, 14.02 लाख रुपए से प्लंबिंग व सेनेटरी और 1.42 लाख रुपए की लागत से पर्यावरण के अनुकूल हॉॉर्टिकल्चर (हरियाली) का काम कराया जाएगा. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद 2 साल तक इसके मेंटेनेंस और गुणवत्ता की मॉनिटरिंग की विशेष व्यवस्था रखी गई है.
ALSO READ: NGT की रोक हटते ही निर्माण कार्यों को मिलेगी रफ्तार; खान विभाग ने कोडरमा, सिमडेगा और गिरिडीह समेत 47 बालू घाटों की ई-नीलामी प्रक्रिया शुरू की

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *