Ranchi: देश में बढ़ती ड्रग्स की समस्या पर लगाम लगाने और विभिन्न राज्यों व एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिए गृह मंत्रालय द्वारा गठित नारको-कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की 10वीं शीर्ष स्तरीय समिति की बैठक आज आयोजित होने जा रही है. इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे. यह बैठक नई दिल्ली के विज्ञान भवन में हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों) में आयोजित की जाएगी.
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो मुख्यालय द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, इस बैठक में दिल्ली को छोड़कर देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव, डीजीपी और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के प्रमुख वर्चुअली और फिजिकली हिस्सा लेंगे.

बैठक का मुख्य उद्देश्य
NCORD तंत्र की स्थापना केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा देश के विभिन्न स्तरों पर ड्रग्स के खतरे से निपटने के लिए सभी स्टॉक होल्डर के बीच बेहतर तालमेल और प्रभावी नीति बनाने के उद्देश्य से की गई थी. इस 10वीं बैठक में देश को ड्रग-मुक्त बनाने की दिशा में अब तक की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और भविष्य की रणनीतियों पर मुहर लगाई जाएगी.
नशामुक्त भारत 2029 रोडमैप और कई अहम शुरुआत
- इस बैठक के दौरान कई ऐतिहासिक कदम उठाए जाएंगे, जो देश को नशामुक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे.
- भारत को साल 2029 तक पूरी तरह से नशामुक्त करने के राष्ट्रीय रोडमैप के विजन डॉक्यूमेंट का विमोचन गृह मंत्री अमित शाह द्वारा किया जाएगा.
- एनसीबी की वार्षिक रिपोर्ट 2025 को भी इस मौके पर आधिकारिक रूप से जारी किया जाएगा.
- ड्रग्स नेटवर्क पर कड़ा प्रहार करने के लिए एनसीबी के गुवाहाटी और जम्मू आंचलिक कार्यालयों का ऑनलाइन उद्घाटन होगा.
- पकड़े गए मादक पदार्थों को नष्ट करने के लिए देशव्यापी ड्रग विनष्टिकरण पखवाड़ा का ऑनलाइन शुभारंभ किया जाएगा.
ALSO READ:झोलाछाप की लापरवाही से फिर गई नवजात की जान, सील अस्पताल नाम बदलकर फिर चल रहा था


