Chaibasa : 26 जून मोहर्रम पर्व के अवसर पर चक्रधरपुर के ग्वाला पट्टी अखाड़ा द्वारा इस वर्ष भारतीय वायुसेना के राफेल लड़ाकू विमान का आकर्षक एवं भव्य मॉडल तैयार किया गया है. कई दिनों की कड़ी मेहनत, बारीक कारीगरी और युवाओं की रचनात्मक सोच से तैयार यह मॉडल दशमी जुलूस का प्रमुख आकर्षण बनेगा. स्थानीय लोगों में इसे लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है तथा बड़ी संख्या में लोग मॉडल को देखने और उसके साथ तस्वीरें खिंचवाने पहुंच रहे हैं. ग्वाला पट्टी अखाड़ा के युवाओं ने सीमित संसाधनों में राफेल विमान की वास्तविक संरचना को दर्शाने का सफल प्रयास किया है. मॉडल में विमान की आकृति, रंग-सज्जा और विभिन्न हिस्सों को अत्यंत आकर्षक ढंग से तैयार किया गया है, जिसकी शहरभर में सराहना हो रही है.
आपसी भाईचारे और प्रतिभा को बढ़ावा
अखाड़ा के खलीफा आजाद गद्दी एवं सदर दिलशेर ने मॉडल निर्माण में सहयोग करने वाले सभी युवाओं और योगदानकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मॉडल युवाओं की एकता, रचनात्मकता और सामाजिक समर्पण का प्रतीक है. उन्होंने बताया कि मोहर्रम के दशमी जुलूस में यह मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा. मॉडल निर्माण में आसिफ, शहजाद, चांद, अमीर, आसिफ अंसारी, प्राण गद्दी, परवेज गद्दी सहित कई युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सभी ने मिलकर दिन-रात मेहनत कर इस अनोखा कलाकृति को तैयार किया है. स्थानीय नागरिकों ने भी युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक प्रस्तुति सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और प्रतिभा को बढ़ावा देती है. राफेल विमान का यह भव्य मॉडल चक्रधरपुर की सांस्कृतिक पहचान और युवाओं की सृजनात्मक क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है.

Also Read : झोलाछाप की लापरवाही से फिर गई नवजात की जान, सील अस्पताल नाम बदलकर फिर चल रहा था


