Click Here
Click Here
Click Here

हजारीबाग में मिले डेंगू के 11 मरीज, जुलाई में चलेगा विशेष जागरूकता अभियान

Hazaribagh: मानसून के आगमन के साथ जिले में डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जुलाई माह को “डेंगू...

साभार गूगल

Hazaribagh:  मानसून के आगमन के साथ जिले में डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जुलाई माह को “डेंगू रोधी माह” के रूप में मनाने की तैयारी शुरू कर दी है. पूरे महीने स्कूलों, गांवों और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. राज्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक ने सभी जिलों को डेंगू नियंत्रण एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए हैं. जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. कपिल मुनि ने बताया कि जनवरी से जून 2026 तक जिले में डेंगू के 11 मरीज मिल चुके हैं. इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है. उन्होंने बताया कि डेंगू संक्रमित एडीज मच्छर के काटने से फैलने वाली वायरल बीमारी है. फिलहाल इससे बचाव के लिए कोई प्रभावी टीका या विशेष दवा उपलब्ध नहीं है. इसलिए मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करना और लोगों को जागरूक करना ही सबसे प्रभावी उपाय है.

स्कूलों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम

स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार जुलाई माह में विद्यालयों में क्विज, चित्रांकन और लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. विद्यार्थियों को ऑडियो-वीडियो सामग्री के माध्यम से डेंगू से बचाव के उपाय बताए जाएंगे, ताकि वे स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक कर सकें. ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम गोष्ठी, एडवोकेसी कार्यशाला और सामुदायिक बैठकों का आयोजन होगा. लोगों को घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, कूलर, टायर, गमले और अन्य जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई करने की सलाह दी जाएगी. अभियान में नगर निकाय, पंचायत राज संस्थाएं, शिक्षा विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, गैर सरकारी संगठन, कॉर्पोरेट संस्थान तथा सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.

आशा-सहिया को सौंपी गई अहम जिम्मेदारी

स्वास्थ्य विभाग ने सहिया, आशा कार्यकर्ताओं और सामुदायिक स्वयंसेवकों को मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर उन्हें नष्ट करने में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं. जागरूकता बढ़ाने के लिए वॉल पेंटिंग, बैनर, पोस्टर, रैली, जनसंपर्क अभियान तथा इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों का उपयोग किया जाएगा. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रोजेक्टर के माध्यम से जागरूकता वीडियो भी दिखाए जाएंगे. सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की आईईसी वैन भी अभियान के प्रचार-प्रसार में सहयोग करेगी. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे घर और आसपास साफ-सफाई रखें, कहीं भी पानी जमा न होने दें, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें और बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं.

ALSO READ : शुद्ध मतदाता सूची के लिए झारखंड में महाभियान : आज से 47 लाख मतदाताओं के सत्यापन के लिए घर-घर दस्तक देंगे BLO

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *