भारी बारिश में जल जमाव से निपटने के लिए बनी 11 क्यूआरटी, एक अक्टूबर तक अस्थाई होर्डिंग-तोरणद्वार बनाने पर रोक

Ranchi: राजधानी रांची में गुरुवार को महज दो घंटे की तेज बारिश ने नगर निगम के दावों और तैयारियों की पोल खोलकर...

Ranchi: राजधानी रांची में गुरुवार को महज दो घंटे की तेज बारिश ने नगर निगम के दावों और तैयारियों की पोल खोलकर रख दी थी. शहर के प्रमुख वीआईपी इलाकों से लेकर स्लम बस्तियों तक में सड़कें तालाब बन गईं, नालियां ओवरफ्लो हो गईं और कई जगहों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा. बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. मानसून के प्रवेश से पहले ही शहर की इस दुर्दशा को देखते हुए नगर निगम के अधिकारी रेस हो गए हैं. नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शुक्रवार को स्वच्छता और परिवहन शाखा की आपात बैठक बुलाई. शहर में होने वाले जलजमाव और आपात स्थितियों से निपटने के लिए 11 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का गठन किया गया. इसमें 10 टीम विभिन्न जोन में तैनात रहेगी. आपात स्थित में यह टीम जलजमाव की समस्या दूर करेगी. जबकि, एक टीम इमरजेंसी बैकअप में रहेगी. नगर आयुक्त ने किसी भी तरह के हादसा के निपटने के लिए 1 अक्टूबर तक शहर में लगने वाले अस्थाई होर्डिंग,बैनर पर रोक लगा दी है. वहीं, सड़क के किनारे लगाए गए मोनोपोल का स्ट्रक्चर सर्टिफिकेट जमा करने का निर्देश दिया है. सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली एजेंसियों का मोनोपोल और होर्डिंग हटाने का निर्देश दिया गया है.

स्लैब हटाकर होगी नालियों की सफाई, वार्ड पार्षदों से समन्वय करके होगा काम

एंड-टू-एंड बहाव: नगर आयुक्त ने नालियों के स्लैब हटाकर युद्धस्तर पर गाद निकालने और कच्चे नालों की कटिंग करने का निर्देश दिया है. सफाई के तुरंत बाद स्लैब दुरुस्त किए जाएंगे. उन्होंने वार्ड पार्षदों से समन्वय स्थापित करके सभी सिटी मैनेजरों को अपने क्षेत्र में बंद पड़े नालों को चिन्हित करने और सफाई अभियान चलाने के लिए कहा है. डिबडीह पुल और डीपीएस स्कूल मार्ग के पास नदी और बड़े नालों से जलकुंभी हटाने के लिए विशेष अभियान चलेगा ताकि पानी का प्राकृतिक प्रवाह न रुके.

ALSO READ: चाईबासा: वनग्रामों की जनगणना व मकान सर्वे कराने की मांग, ग्रामीणों ने DC को सौंपा ज्ञापन

स्कूल कॉलेज के 500 मीटर की दूरी में विशेष अभियान

नगर आयुक्त ने स्कूल-कॉलेज के 500 मीटर के दायरे में विशेष सफाई अभियान चलाने, खुले और खतरनाक नालों की बैरिकेडिंग करने, क्षतिग्रस्त स्लैब को तुरंत बदलने का निर्देश दिया है,ताकि कोई अप्रिय घटना न हो.

सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह बैन

नालियों के जाम होने का सबसे बड़ा कारण प्लास्टिक है. इसके खिलाफ कल से ही शहर में जब्ती और दंडात्मक कार्रवाई का विशेष अभियान शुरू होगा. नगर आयुक्त ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक की वजह से नालियां जाम होती है. इसलिए हर हाल में इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कें. उन्होंने जोनल सुपरवाइजरों को पारंपरिक काम के बदले क्यूआरटी के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्र में काम करने का निर्देश दिया है.

हेल्पलाइन नंबर जारी, 24 घंटे काम करेगा कंट्रोल रूम

मानसून के दौरान जल जमाव, पेड़ गिरने, नाली जाम होने या अन्य समस्याओं को दूर करने के निगम में कंट्रोल रूम बनाया गया है. यह कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेगा. कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नंबर 18005701235 और हेल्पलाइन नंंबर 9431104429 पर फोन करके सूचना दे सकता है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *