Koderma: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेहरवाटांड़ में करंट की चपेट में आने से 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. मृतक की पहचान शिवांश कुमार, पिता रोशन साव के रूप में हुई है. मामले की जानकारी देते हुए रोशन साव के पड़ोसी जितेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर वह किसी काम से दुकान जा रहे थे. इसी दौरान उन्होंने देखा कि रोशन का पुत्र शिवांश घर के दरवाजे के पास मूर्छित अवस्था में पड़ा था और उसकी बहन उसे उठाने का प्रयास कर रही थी.

कलौते चिराग के बुझने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पास जाने पर पता चला कि लोहे के दरवाजे में करंट आ गया था, जिसकी चपेट में आने से शिवांश बेहोश हो गया था. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे किसी तरह दरवाजे से अलग किया गया और सदर अस्पताल, कोडरमा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जाता है कि शिवांश अपने माता-पिता की इकलौती संतान था. उसके पिता रोशन और मां मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. घटना के समय पिता मजदूरी करने बिहार के रजौली गए हुए थे, जबकि शिवांश अपनी मां और छह बहनों के साथ घर पर था. इकलौते चिराग के बुझने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
ALSO READ: नगर निगम में टैक्स कलेक्शन बंद, सुनसान पड़े कलेक्शन काउंटर! 2500 कर्मचारियों का रोजगार भी अटका

