Simdega: ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के कुड़पानी बाजार टोली गांव में जहरीले सांप के काटने से 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है. मिली जानकारी के अनुसार, निकिता कीड़ों रात में अपने घर में जमीन पर सो रही थी. इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसकी बांह में काट लिया. सांप के काटने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई.

इलाज के लिए भेजा गया अस्पताल
मृतका की मां मरियम कीड़ों ने बताया कि बेटी की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल इलाज के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल लाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इधर, किशोरी की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक की लहर है. उपाधीक्षक आनंद खाखा ने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने, घरों के आसपास साफ-सफाई रखने तथा जमीन पर सोने से बचने की अपील की है.
ALSO READ: दिल्ली होटल अग्निकांड पर CM ने जताया गहरा दुख, घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की
