14th JPSC PT EXAM : आयोग के सदस्य ने CM को पत्र लिखकर जतायी आपत्ति, एक ही एजेंसी को सौंपी गई पूरी जिम्मेदारी

Ranchi : 14वीं जेपीएससी JPSC पीटी PT परीक्षा के परिणाम को लेकर मचे विवाद के बीच अब आयोग की परीक्षा संचालन व्यवस्था...

JPSC

Ranchi : 14वीं जेपीएससी JPSC पीटी PT परीक्षा के परिणाम को लेकर मचे विवाद के बीच अब आयोग की परीक्षा संचालन व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है. आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया के लगभग सभी महत्वपूर्ण चरणों की जिम्मेदारी एक ही निजी एजेंसी को सौंप दी गई. इससे परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर नई बहस छिड़ गई है. जानकारी के अनुसार, जिस एजेंसी को यह जिम्मेदारी दी गई है, उसका नाम पहले भी उत्तर प्रदेश की प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों में सामने आ चुका है. बताया जा रहा है कि वहां कथित अनियमितताओं के बाद एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया गया था. इसी एजेंसी को लेकर झारखंड में भी सवाल उठ रहे है.

आयोग के सदस्य ने जतायी आपत्ति

आयोग के एक सदस्य ने भी इस पूरी व्यवस्था पर आपत्ति जताई है. उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर परीक्षा संचालन की प्रक्रिया की समीक्षा करने और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की है. इससे यह मामला आयोग के भीतर भी चर्चा का विषय बन गया है. जानकारी के अनुसार, पहले प्रतियोगी परीक्षाओं में सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए अलग-अलग एजेंसियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जाती थी. आवेदन प्रक्रिया, प्रश्नपत्र छपाई, ओएमआर OMR शीट, डेटा प्रोसेसिंग, मूल्यांकन और रिजल्ट तैयार करने जैसे कार्य अलग-अलग संस्थाओं के माध्यम से कराए जाते थे. इससे पूरी परीक्षा प्रक्रिया किसी एक एजेंसी के नियंत्रण में नहीं रहती थी.

परीक्षा प्रणाली की स्वतंत्र जांच की मांग

मौजूदा व्यवस्था में स्थिति अलग बताई जा रही है. आरोप है कि वन टाइम रजिस्ट्रेशन, ऑनलाइन आवेदन, एडमिट कार्ड जारी करना, प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट की छपाई, ओएमआर स्कैनिंग, ऑनलाइन स्क्रीन मार्किंग और अंतिम रिजल्ट तैयार करने तक का पूरा काम एक ही निजी एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा है. यही वजह है कि 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा को लेकर पहले से चल रहे विवाद के बीच अब परीक्षा संचालन की पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए है. अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए परीक्षा प्रणाली की स्वतंत्र जांच और समीक्षा की जानी चाहिए.

 

ALSO READ : नीट पेपर लीक : छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, NDA की बैठक में बरसे PM मोदी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *