Ranchi/Delhi: दिल्ली मंडल के गाजियाबाद-नई दिल्ली रेल खंड पर मंगलवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया. यहां एक मालगाड़ी के छह डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए. हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है. घटना की जानकारी मिलते ही डीआरएम, एडीआरएम समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए. हादसे के कारण इस व्यस्त रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया.
रेलवे ने कई ट्रेनों के मार्ग में किया बदलाव
रेलवे के अनुसार, इस दुर्घटना से कुल 53 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है. यात्रियों की सुविधा और ट्रैक को जल्द खाली कराने के लिए रेलवे ने कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव और कुछ ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है. मुख्य रेल मार्ग बाधित होने के कारण 24 ट्रेनों का मार्ग बदलकर उन्हें दिल्ली और नई दिल्ली स्टेशन के रास्ते चलाया जा रहा है. वहीं 16 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. इसके अलावा 5 पैसेंजर ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य से पहले ही आंशिक रूप से निरस्त किया गया है.

रेलवे प्रशासन ने बताया…
आनंद विहार जाने वाली तथा मुरादाबाद मंडल और एनसीआर से होकर गुजरने वाली 8 ट्रेनों को रास्ते में रोककर नियंत्रित किया गया है. रेलवे प्रशासन ने बताया कि पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर जारी है. अधिकारियों की निगरानी में तकनीकी टीमें जल्द से जल्द रेल मार्ग बहाल कर ट्रेनों का संचालन सामान्य करने में जुटी हैं.
