Giridih: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जुलाई 2026 की सम्मान राशि का भुगतान कर दिया गया है. गिरिडीह जिले की 4,56,267 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कुल 114 करोड़ 6 लाख 67 हजार 500 रुपये की राशि सीधे भेजी गई है.
हर लाभुक महिला को मिले 2,500
योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला लाभुक को 2,500 की सम्मान राशि दी गई है. जिला प्रशासन के अनुसार, आधार आधारित डीबीटी प्रणाली के जरिए भुगतान किया गया है, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध रही. प्रशासन ने बताया कि सभी प्रखंडों और शहरी निकायों के माध्यम से योजना की लगातार निगरानी की गई, ताकि पात्र महिलाओं तक बिना किसी परेशानी के राशि पहुंच सके.
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर
जिला प्रशासन ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है. नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं को घरेलू जरूरतों को पूरा करने, परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल रही है.
इन क्षेत्रों की महिलाओं को मिला योजना का लाभ
जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी निकायों में बड़ी संख्या में महिलाओं को योजना का लाभ मिला है. गिरिडीह प्रखंड में 39,374, गिरिडीह नगर निगम में 27,726, बेंगाबाद में 28,880, गांडेय में 32,546, जमुआ में 53,785, देवरी में 34,257, तिसरी में 13,584, गावां में 21,276, धनवार में 47,805, धनवार नगर पंचायत में 2,145, बिरनी में 35,565, सरिया में 25,521, सरिया नगर पंचायत में 2,447, बगोदर में 31,844, डुमरी में 41,075 और पीरटांड़ में 18,437 महिलाओं को राशि मिली है.

भविष्य में भी समय पर भुगतान का निर्देश
जिला प्रशासन ने बताया कि भविष्य में भी सम्मान राशि का भुगतान निर्धारित समय पर सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि कोई भी पात्र महिला लाभ से वंचित न रहे.
लाभुक महिलाओं से दस्तावेज अपडेट रखने की अपील
प्रशासन ने सभी लाभुक महिलाओं से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, आधार संख्या और अन्य जरूरी दस्तावेज समय-समय पर अपडेट कराते रहें, जिससे भविष्य में राशि भुगतान में किसी तरह की परेशानी न हो.
ALSO READ: झारखंड प्रशासनिक सेवा में बड़ा फेरबदल- 89 अधिकारियों का तबादला, कार्मिक विभाग ने जारी की अधिसूचना
