Deoghar: श्रावणी मेला के बीच देवघर में श्रद्धालुओं को हवाई भ्रमण कराने वाली हेलीकॉप्टर सेवा पर फिलहाल ब्रेक लग गया है. हथगढ़ मैदान से संचालित हो रही यह सेवा शुक्रवार से बंद कर दी गई. सेवा रोकने की वजह हेलीपैड के लिए इस्तेमाल की जा रही जमीन को लेकर सामने आया विवाद बताया जा रहा है.

जमीन मालिक ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया
बताया गया कि हथगढ़ मैदान में जिस जमीन पर हेलीपैड तैयार किया गया था, उसके मालिक ने अदालत में याचिका दायर की थी. याचिका में आरोप लगाया गया कि उनकी अनुमति के बिना जमीन पर हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कर दी गई. मामले पर कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए सेवा को दूसरी जगह शिफ्ट करने का निर्देश दिया. इसके बाद जिला प्रशासन ने नया स्थान तलाशना शुरू किया, लेकिन फिलहाल उपयुक्त जगह नहीं मिलने के कारण हथगढ़ मैदान से सेवा रोकनी पड़ी.
4 अगस्त से शुरू हुई थी सेवा
श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए यह सेवा 4 अगस्त से शुरू की गई थी और 28 अगस्त तक चलनी थी. निर्धारित शुल्क देकर श्रद्धालु हेलीकॉप्टर से देवघर, बासुकीनाथ और आसपास के प्रमुख इलाकों का हवाई नजारा देख सकते थे. सेवा शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं में इसे लेकर काफी उत्साह था. गुरुवार को उपायुक्त के निर्देश पर कुछ दिव्यांग बच्चों को भी हेलीकॉप्टर से भ्रमण कराया गया था. इसके ठीक अगले दिन सेवा बंद हो गई.
दुकानदारों की कमाई पर भी असर
हेलीकॉप्टर सेवा बंद होने से श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय कारोबारियों को भी झटका लगा है. आसपास के दुकानदारों और छोटे कारोबारियों का कहना है कि हवाई भ्रमण के लिए आने वाले लोगों से क्षेत्र में कारोबार बढ़ा था. सेवा बंद होने से अतिरिक्त ग्राहकी पर असर पड़ा है.
दोबारा शुरू करने के लिए नए ठिकाने की तलाश
प्रशासन अब ऐसे वैकल्पिक स्थल की तलाश में जुटा है, जहां नियमों के तहत हेलीपैड तैयार कर सेवा दोबारा शुरू की जा सके. विमानन विभाग के निदेशक एसपी सिन्हा ने हथगढ़ मैदान से सेवा बंद होने की पुष्टि की है.

