हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, दो अपराधी को लगी गोली

Hazaribagh: जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह तीन बजे पुलिस और राहुल दुबे गैंग के गुर्गों के बीच मुठभेड़...

Hazaribagh News

Hazaribagh: जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह तीन बजे पुलिस और राहुल दुबे गैंग के गुर्गों के बीच मुठभेड़ हो गई. दोनों ओर से हुई गोलीबारी में दो अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की तरफ भागने में सफल रहा. घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया गया है.

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी मोटरसाइकिल पर सवार होकर गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने आ रहे हैं. सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन और उरीमारी थाना प्रभारी रथू उरांव पुलिस बल और सशस्त्र जवानों के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस टीम ने पुराना कांटा घर रोड के पास सघन चेकिंग अभियान शुरू किया.

फायरिंग और जवाबी कार्रवाई

सुबह करीब 3:50 बजे भुरकुंडा की ओर से एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए. पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे बाइक मोड़कर भागने की कोशिश करने लगे. इसी दौरान अनियंत्रित होकर उनकी बाइक गिर गई और तीनों पास के जंगल की ओर भागने लगे और अपराधियों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो अपराधियों को गोली लगी और वे गिर पड़े. तीसरा अपराधी चकमा देकर भागने में कामयाब रहा.

मौके से हथियार और पर्चा बरामद

घटनास्थल की तलाशी लेने पर पुलिस ने दो अवैध हथियार, जिंदा गोलियां, खोखा और धमकी से जुड़ा पर्चा बरामद किया है. फिलहाल पुलिस फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के जंगलों में सर्च अभियान चला रही है और गिरोह के अन्य नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.

यह भी पढ़ें: हजारीबाग: 17 साल में भी पूरा नहीं हुआ अल्पसंख्यक छात्रावास, खंडहर में तब्दील हो रहा भवन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *