Ranchi: राजधानी रांची में कल पुतला दहन के दौरान हिंसक झड़प हुई थी. इस मामले में पुलिस ने आज अमीषा प्रसाद को उनके कचहरी चौक स्थित आवास से हिरासत में लिया. महिला पुलिस की टीम उन्हें लेकर महिला थाना पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को रांची में विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और सुरक्षा में तैनात पुलिस बल के बीच तीखी झड़प हो गई थी. इस हंगामे और कानून-व्यवस्था बिगड़ने के मामले में पुलिस जांच कर रही थी. इसी दौरान जन सेविका अमीषा प्रसाद की संलिप्तता का मामला सामने आया. नाम उजागर होने के बाद पुलिस हरकत में आई और शनिवार को यह कार्रवाई की गई.

मेयर रोशनी खलखो महिला थाना पहुंचीं
सूचना के बाद रांची की मेयर रोशनी खलखो तुरंत महिला थाना पहुंचीं. उन्होंने वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली. पुतला दहन के दौरान भड़की हिंसा और कानून को हाथ में लेने वाले अन्य उपद्रवियों की भी पहचान की जा रही है. इस मामले में पुलिस वीडियो फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है, ताकि झड़प के पीछे के मुख्य साजिशकर्ताओं तक पहुंचा जा सके.

