Latehar: चंदवा थाना क्षेत्र के लुकैया फुटबॉल ग्राउंड में रविवार को शहीद एएसआई शुक्रा उरांव की स्मृति में एक भव्य एकदिवसीय फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया. इस खेल प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में एसपी कुमार गौरव ने शिरकत की.

दीप प्रज्वलन और किक मारकर हुआ शुभारंभ:
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि SP ने शहीद शुक्रा उरांव के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्वलित कर और फुटबॉल में किक मारकर मैच का विधिवत उद्घाटन किया. मैदान में उतरकर एसपी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय प्राप्त किया और उनका हौसला बढ़ाया.
युवाओं को दिया सकारात्मक बदलाव का संदेश:
संबोधित करते हुए SP ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी हैं, बल्कि यह युवाओं को अनुशासन और एकजुटता भी सिखाते हैं. उन्होंने स्थानीय युवाओं से अपील की कि वे खेल के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं और मुख्यधारा से जुड़कर क्षेत्र का नाम रोशन करें. शहीद शुक्रा उरांव के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनका बलिदान सदैव पुलिस बल और स्थानीय नागरिकों को प्रेरणा देता रहेगा.

रोमांचक मुकाबले में दिखा खिलाड़ियों का दम:
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच जोरदार और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. खिलाड़ियों ने मैदान पर अपनी बेहतरीन तकनीक, तालमेल और जुझारूपन का प्रदर्शन किया. दर्शकों की तालियों और शोर से पूरा लुकैया ग्राउंड गुंजायमान रहा. अंत तक चले कांटे के मुकाबले ने मैच का रोमांच अंतिम क्षणों तक बनाए रखा. मैच की समाप्ति के बाद पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि एसपी द्वारा विजेता और उप-विजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. इसके साथ ही मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए गए.
ALSO READ: हजारीबाग: सहायक अध्यापकों ने मनाया शहीद मुनेश्वर का 18वां शहादत दिवस

