Chaibasa: कोल्हान के ऐतिहासिक सेरेंगसिया कोल विद्रोह के महान योद्धा वीर शहीद सरदार पोटो हो के बलिदान को सम्मान देने की दिशा में चाईबासा में पहल तेज हो गई है. जिला समाहरणालय परिसर में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर आदिवासी सामाजिक संगठनों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क अभियान शुरू कर दिया है.आदिवासी हो समाज युवा महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष इपिल सामड ने कहा कि वीर शहीद पोटो हो ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ लड़ते हुए जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था. ऐसे महान योद्धा की प्रतिमा जिला समाहरणालय परिसर में स्थापित होना पूरे कोल्हान के लिए गौरव की बात होगी.

प्रतिमा लगवाना वीरों के संघर्ष को सम्मान देने की पहल है
इससे उनके संघर्ष और बलिदान की स्मृति आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचेगी. उन्होंने कहा कि यह केवल प्रतिमा लगाने का विषय नहीं है, बल्कि कोल्हान के इतिहास और वीरों के संघर्ष को सम्मान देने की पहल है.प्रतिमा स्थापना में यथासंभव सहयोग करेंगे : दीपक बिरुवा कैबिनेट मंत्री सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा ने मांग का स्वागत करते हुए कहा कि कोल्हान की माटी के सपूत वीर शहीद पोटो हो की प्रतिमा स्थापित करने की पहल सराहनीय है. इस कार्य में जो भी उचित और संभव सहयोग होगा, वह स्वयं तथा जिले के सभी विधायक और सांसद मिलकर करेंगे.
ALSO READ : हजारीबाग: मेगा विधिक सेवा सह सशक्तिकरण शिविर का आयोजन, 27 लाख 65 हजार के परिसंपत्तियों का वितरण

