Ranchi: नामकुम स्थित खिजरी विधायक राजेश कच्छप के आवासीय कार्यालय में रविवार को विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. इस दौरान नेताओं ने कांग्रेस की विचारधारा, राहुल गांधी के नेतृत्व और पार्टी की जनहितकारी नीतियों में विश्वास जताया.

आजसू और भाजपा के नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ
कांग्रेस में शामिल होने वालों में आजसू पार्टी के केंद्रीय सदस्य संजीव सिंह उर्फ छोटू, भाजपा नेता कौशल सिंह, भाजपा युवा नेता रवि सिंह, आजसू के प्रखंड उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह, एसके सिंह, शिवजी यादव, प्रदीप सिंह, अनिल सिंह और दिलीप पांडेय शामिल हैं. दिलीप पांडेय आजसू के प्रखंड कोषाध्यक्ष के पद पर हैं.
कांग्रेस नेताओं ने किया नए सदस्यों का स्वागत
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में रांची ग्रामीण कांग्रेस प्रभारी रियाजुल अंसारी, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. कांग्रेस नेताओं ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि इनके पार्टी में शामिल होने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी.
संविधान और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर जोर
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना अभियान आगे भी जारी रखेगी. नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन की गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद जताई गई.
ALSO READ: कांवड़ियों की सेवा के लिए बाबा धाम रवाना हुआ श्रीशिव स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवा ट्रस्ट का जत्था

