Chatra: जिले के कोयलांचल टंडवा थाना क्षेत्र के उड़सू गांव स्थित सीसीएल की चंद्रगुप्त कोल परियोजना में कार्यरत सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय पर रविवार को नकाबपोश अपराधियों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोलीबारी में कंपनी में तैनात एसआईएस सुरक्षा गार्ड रविश कुमार यादव घायल हो गए. वारदात के बाद अपराधियों ने मौके पर पर्चा छोड़कर राहुल दुबे गैंग के नाम से घटना की जिम्मेदारी ली है.

दो बाइक से पहुंचे चार अपराधी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो बाइक से चार नकाबपोश अपराधी सुशी इंफ्रा के कार्यालय पहुंचे थे. इनमें से तीन अपराधी कार्यालय के अंदर घुसे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने करीब 20 राउंड गोलियां चलाईं. अचानक हुई फायरिंग से कार्यालय में मौजूद कर्मियों और आसपास के लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.

सुरक्षा गार्ड के हाथ में लगी गोली
फायरिंग के दौरान कंपनी की सुरक्षा में तैनात गार्ड रविश कुमार यादव को बाएं हाथ में गोली लगी. घटना के बाद उन्हें तत्काल टंडवा स्वास्थ्य उपकेंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया.घटना बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जा रही है. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी टंडवा बाजार की ओर फरार हो गए.
मौके से मिले करीब 20 खोखे
घटना की सूचना मिलते ही टंडवा, सिमरिया और पगार ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी ली. जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से करीब 20 खोखे बरामद किए हैं.
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार, थाना प्रभारी पप्पू शर्मा, सिमरिया थाना प्रभारी अमित कुमार, पगार ओपी प्रभारी प्रभात कुमार और एसआई संदीप कुमार समेत पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया. एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपराधिक वारदात का प्रतीत हो रहा है. इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. फायरिंग के पीछे के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है. दिनदहाड़े कंपनी कार्यालय में हुई गोलीबारी के बाद टंडवा समेत पूरे कोयलांचल क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

