Dumka: जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से कानून-व्यवस्था और मॉब लिंचिंग जैसी संभावित स्थितियों को चुनौती देने वाली एक घटना सामने आई है. रामगढ़ बाजार में आयोजित साप्ताहिक हाट में रविवार की शाम दो युवकों को युवती से छेड़खानी करने के आरोप में ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया. आक्रोशित भीड़ ने दोनों आरोपियों को धोबा गांव ले जाकर मांझी थान में रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया.

गोड्डा के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
बंधक बनाए गए युवकों की पहचान पड़ोसी जिले गोड्डा के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र स्थित सीरिया गांव निवासी विकास राय और रावण मुर्मू के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक रविवार की शाम हाट में घूम रही एक युवती के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी कर रहे थे. युवती के विरोध जताने पर स्थानीय लोग उग्र हो गए और दोनों को दौड़ाकर दबोच लिया.
पंचायती की मांग पर अड़े ग्रामीण
घटना के तुरंत बाद ग्रामीण दोनों युवकों को धोबा गांव के मांझी थान (आदिवासी समुदाय का पारंपरिक धार्मिक और सामाजिक स्थल) ले गए और वहां पोल से बांध दिया. ग्रामीणों की साफ मांग है कि दोनों युवकों के परिजनों को मौके पर बुलाया जाए. वे पुलिस को सौंपने के बजाय गांव स्तर पर पंचायती बिठाकर ही मामले का निष्पादन करने की जिद पर अड़े हैं.
स्थिति पर पुलिस की नजर
मामले की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस बल स्थिति को नियंत्रण में लेने और दोनों युवकों को ग्रामीणों के कब्जे से सुरक्षित छुड़ाने का लगातार प्रयास कर रहा है. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई होगी. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण परिजनों की मौजूदगी में सामाजिक फैसले की बात पर डटे हुए थे और पुलिस प्रशासन स्थिति को शांत कराने हेतु ग्रामीणों के साथ वार्ता कर रहा है.
ALSO READ: महाराष्ट्र: अमरावती अस्पताल के NICU में वेंटिलेटर फटने से लगी आग, 3 नवजातों की मौत

