पलामू में कमिश्नर का सख्त रुख, बालू तस्करी पर रोक और राजस्व बढ़ाने के निर्देश

पलामू: प्रमंडलीय आयुक्त श्रीमती कुमुद सहाय ने आज पलामू स्थित जिला परिवहन कार्यालय का निरीक्षण किया. उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा...

पलामू: प्रमंडलीय आयुक्त श्रीमती कुमुद सहाय ने आज पलामू स्थित जिला परिवहन कार्यालय का निरीक्षण किया. उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की और राजस्व संग्रह, लंबित मामलों के निष्पादन, आम जनता को दी जा रही सुविधाओं तथा कार्यालय व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया.

आयुक्त ने राजस्व वसूली में तेजी लाने, किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने, बालू की अवैध ढुलाई की प्रभावी रोकथाम, वाहन निबंधन, कर वसूली, फिटनेस जांच और ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया.

उन्होंने बकायेदार वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, परिवहन कार्यालय की सेवाओं को सुदृढ़ करने और सभी कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर बल दिया. साथ ही कार्यालय की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने का भी निर्देश दिया.

आयुक्त ने कहा कि आम लोगों को सरल, सुलभ और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने सड़क सुरक्षा के मद्देनज़र बिना हेलमेट, ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस और स्पीड चेकर के माध्यम से ओवरस्पीड की जांच करने तथा बिना वैध कागजात वाले वाहनों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया.

साथ ही उन्होंने यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाने पर बल दिया. उन्होंने हिट एंड रन, गुड सेमेरिटन, निलाम पत्र वाद, मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत संचालित वाहनों की स्थिति, ड्राइविंग लाइसेंस को स्मार्ट कार्ड में परिवर्तन सहित अन्य मामलों की भी समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए.

आयुक्त ने कहा कि जिन वाहनों का परमिट जिस रूट के लिए निर्धारित है, उनका परिचालन केवल उसी मार्ग पर सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि एमवीआई को अब समन की शक्ति प्राप्त हो गई है, ऐसे में राजस्व वृद्धि संबंधी कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता है. निरीक्षण के दौरान आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *