Ranchi: विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध आज सदन परिसर तक पहुंच गया है. छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में आज फिर से मांडू विधायक तिवारी महतो विधानसभा परिसर के बाहर लेट गए. उन्होंने विरोध जताने के लिए सड़क पर लेटकर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया.विधायक ने सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ जिस तरह से पुलिस ने कार्रवाई की, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले युवाओं पर बल प्रयोग करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता.
छात्रों पर कार्रवाई करना कायरता
तिवारी महतो ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज सुनने के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है. उन्होंने कहा कि युवाओं के आंदोलन को लाठी के बल पर दबाने की कोशिश करना सरकार की तानाशाही मानसिकता को दिखाता है.विधायक ने कहा कि छात्र अपने भविष्य और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. ऐसे में सरकार को उनके साथ बातचीत करनी चाहिए थी. उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ बर्बर व्यवहार की जितनी निंदा की जाए, कम है.
सरकार से कार्रवाई और जवाब की मांग
विधायक ने लाठीचार्ज की घटना पर सरकार से जवाब मांगा और कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी छात्रों के साथ हुई कार्रवाई की जिम्मेदारी तय करना जरूरी है, ताकि भविष्य में लोकतांत्रिक आंदोलनों को इस तरह कुचलने की कोशिश न हो.
