Hazaribagh: झारखंड जन संस्कृति मंच, हजारीबाग की ओर से कोर्रा स्थित मिरेकल इंग्लिश कोचिंग सेंटर में मासिक कवि सम्मेलन आयोजित किया गया. कार्यक्रम में करीब 30 रचनाकारों ने कविता, गीत, गजल और हास्य-व्यंग्य की रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को देर तक बांधे रखा. कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. प्रमिला गुप्ता ने ‘सावन की मेहंदी’ और ‘कोयलिया’ रचनाओं से की. इसके बाद विजय कुमार कर्ण, संजय हजारीबागी, श्रुति मंजरी मिश्रा, सुप्रिया रश्मि, वसीम गिलानी, डॉ. कविता सिन्हा और चक्रपाणि मिश्रा समेत कई रचनाकारों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं. रुबीना वफा की गजलों और नटखट अजीमाबादी के हास्य-व्यंग्य ने कार्यक्रम में रंग भर दिया. वहीं संजय तिवारी ने शिक्षा और बेटा-बेटी के समान अधिकार पर आधारित गीत प्रस्तुत किए. अन्य रचनाकारों ने प्रेम, सामाजिक सरोकार, संघर्ष और प्रकृति से जुड़ी रचनाओं से श्रोताओं को प्रभावित किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता आलोचक डॉ. बलदेव पांडे ने की. उन्होंने कहा कि कविता इंसान को बेहतर मनुष्य बनने की संवेदना देती है. आयोजन का संचालन डॉ. प्रमिला गुप्ता ने किया और धन्यवाद ज्ञापन शंकर गुप्ता ने किया. अंत में कवि प्रमोद रंजन की बहन के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई.

AlsoRead:प्राथमिकता के आधार पर जनता की सभी समस्याओं का होगा समाधान: डॉ. रामेश्वर उरांव

